दिल्ली के शाहदरा जिले के फर्श बाजार इलाके में पड़ोसी ने पांच वर्ष की मासूम के मुंह पर घूंसा मारकर उसका दांत तोड़ डाला। घूंसा लगते ही मासूम अचेत हो गई। उसे नजदीकी हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने बच्ची की मां मीना की शिकायत पर आरोपी पड़ोसी प्रवीण व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी मौके से फरार है। पुलिस के मुताबिक मानसी (5) परिवार के साथ गली नंबर-5, फर्श बाजार में रहती है।
इसके परिवार में पिता सूरज सिंह और मां मीना देवी हैं। सूरज प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस को दिए बयान में मीना ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे पड़ोसी प्रवीण और उसके बीच राशन मिलने को लेकर झगड़ा हुआ था।
कहासुनी में मारपीट की नौबत आ गई। मासूम मानसी ने पड़ोसियों को मां के साथ झगड़ा करते देखा तो वह प्रवीण का विरोध करने लगी। इसी बात पर आरोपी ने मानसी के मुंह पर जोरदार घूंसा मार दिया।