उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में महज कूड़ा फेंकने के विवाद में हुए झगड़े में घायल बुजुर्ग महिला हमीदन बेगम (65) की गुरुवार को जीटीबी अस्पताल में मौत हो गई। हमीदन को पड़ोसी युवकों ने घर में बंद कर बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गई थी।
परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उस समय हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर एक आरोपी शाहरुख उर्फ मोहम्मद उवेस उर्फ अनिल उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
गुरुवार शाम को हमीदन की मौत से गुस्साए परिजनों ने चांदबाग की पुलिया पर शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने अब मामले में हत्या की धारा जोड़कर शाहरुख व आमिर नामक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी सद्दाम की पुलिस को तलाश है।
पुलिस के मुताबिक, हमीदन परिवार के साथ गली नंबर-3, मूंगा नगर में रहती थी। आरोप है कि 27 फरवरी की रात को हमीदन अपनी छत से कूड़ा फेंक रही थी। इस दौरान पड़ोसी शाहरुख ने उन्हें कूड़ा फेंकते हुए देख लिया।