पालिका बाजार, हिमाचल भवन, आरएमएल अस्पताल, सरोजिनी नगर मार्केट और एम्स समेत कई स्थानों पर मुफ्त पानी उपलब्ध, सिस्टम अपग्रेड होने तक ऑपरेटर लौटा रहे हैं पैसे
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
राजधानी में बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए कई वाटर एटीएम पर मुफ्त पानी की सेवा शुरू कर दी गई है। नई दिल्ली नगर पालिका (एनडीएमसी) क्षेत्र में मौजूद कुल 38 वाटर एटीएम पर यह सुविधा लागू की जा रही है।
फिलहाल पालिका बाजार, हिमाचल भवन, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल, एलआईसी बिल्डिंग, सरोजिनी नगर मार्केट और एम्स समेत कई प्रमुख स्थानों पर लोगों को मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
तकनीकी कारणों से अभी कुछ मशीनों में पानी लेने के लिए लोगों को दो रुपये का सिक्का डालना पड़ रहा है। मशीनों के पास मौजूद ऑपरेटर उपयोगकर्ताओं को यह राशि वापस कर रहे हैं। वाटर एटीएम अधिकारियों के अनुसार ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि वाटर एटीएम सिस्टम को अपग्रेड करने का काम जारी है। वाटर एटीएम अधिकारियों ने बताया कि धीरे-धीरे सभी मशीनों को अपडेट किया जा रहा है। अपग्रेडेशन पूरा होने के बाद प्रत्येक वाटर एटीएम के बाहर एक विशेष बटन लगाया जाएगा, जिसे दबाकर लोग बिना किसी भुगतान के सीधे पानी प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं शिवाजी स्टेडिएम के पास लगा वाटर एटीएम बंद पड़ा है। यह स्थिति तब है जब इसके आसपास बस डिपो और खेल परिसर हैं, जहां रोजाना सैकड़ों यात्री, खिलाड़ी और आम नागरिक पहुंचते है।
दिल्ली में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव के चलते यह पहल शुरू की गई है, जिससे राहगीरों, कामकाजी लोगों और आम नागरिकों को स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।