संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर में नागरिकों के लिए सुविधा शिविर का आयोजन किया। शिविर में निवासियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। शिविर में कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें संबंधित विभागों ने तुरंत निस्तारित करने का प्रयास किया। शिकायतें मुख्य रूप से कार्मिक, सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, प्रवर्तन, वाणिज्य, कर और संपत्ति विभागों से संबंधित थीं। शिविर की खासियत यह रही कि नागरिकों और विभागीय अधिकारियों के बीच आमने सामने संवाद हुआ। इस आयोजन में 30 से अधिक विभागों के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एनडीएमसी ने डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने के लिए जन सुविधा पोर्टल भी शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।