फरीदाबाद में नाबालिग संग सामूहिक दुष्कर्म
- फोटो : freepik
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने एक्स पर लिखा, 'चेयरपर्सन विजया रहाटकर के निर्देश पर एनसीडब्ल्यू ने हरियाणा के फरीदाबाद में एक 16 वर्षीय लड़की के साथ बार-बार होने वाले यौन उत्पीड़न और उसके बारे में एक बेहद चिंताजनक मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लिया है। जबरन गर्भपात के मामले में आयोग ने पुलिस को निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने और पीड़िता को चिकित्सा सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श और मुआवजे सहित तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट तीन दिन के भीतर आयोग को सौंपी जानी है।'
फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड थाना क्षेत्र में 16 साल की नाबालिग की गरीबी का फायदा उठाकर एक ऑटो चालक व उसके साथी ने सामूहिक यौन शोषण किया। इतना ही नहीं नाबालिग के पड़ोस में रहने वाले लगभग 55 साल के आरोपी ने भी उसे कभी चाय पिलाकर व खाने का सामान देकर यौन शोषण किया। 6 जनवरी को एक महिला को भेजकर ऑटो चालक व उसके साथी ने नाबालिग को घर से बुलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद से लगातार नाबालिग की हालत खराब होती रही तो एनजीओ के जरिये मामला चाइल्ड हेल्पलाइन तक पहुंचा। सूरजकुंड थाना पुलिस ने तीन आरोपियों 37 साल के ऑटो चालक जसवंत, उसके दोस्त सुल्तान और 55 साल के पड़ोसी सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है।
खून बहने से कमजोर हो गई थी नाबालिग
बाल भवन स्थित जिला बाल संरक्षण इकाई फरीदाबाद की चाइल्ड हेल्पलाइन से प्रदीप कुमार ने बताया कि 14 जनवरी को उन्हें दो एनजीओ शक्ति वाहिनी और नोसृष्टि संस्था फरीदाबाद की ओर से कॉल आई। इन्होंने बताया कि एक 16 साल की नाबालिग का यौन शोषण हुआ है और उसका गर्भपात करा दिया गया है। शरीर से खून बह रहा है और कमजोर हो गई है। जिसके बाद प्रदीप कुमार वहां गए और नाबालिग की काउंसलिंग की तो उसकी कहानी सुनकर हैरान हो गए।
पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ मामला
लड़की की बातें सुनने के बाद प्रदीप कुमार उसे सराय ख्वाजा थाने ले गए। लेकिन वहां लड़की ने बयान देने से मना कर दिया। फिर से नाबालिग की काउंसलिंग की गई और 15 जनवरी को उसे महिला थाना सेंट्रल ले गए। प्रदीप के अनुसार यहां महिला थाना एसएचओ ने कुछ डिटेल जानने के बाद कहा कि ये हमारे इलाके का मामला नहीं है। काफी देर तक बातचीत के बाद वे सूरजकुंड थाने में पहुंचे। जिसके बाद देर रात 1 बजे सूरजकुंड थाना में पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
हिरासत में लिए गए हैवान
मामले में गुरुवार और शुक्रवार को सूरजकुंड थाने की पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई की। पुलिस के एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि आरोपी ऑटो चालक दयानंद कॉलोनी निवासी 37 साल के जसवंत को गिरफ्तार किया गया। इससे पूछताछ के बाद शुक्रवार को इसके साथी सुल्तान व नाबालिग के पड़ोस में रहने वाले सिकंदर को भी हिरासत में ले लिया गया है।