दिल्ली-एनसीआर के सफर की कल्याणकारी योजना को लेकर अफसर तेजी से तैयारियां कर रहे हैं। एनसीआर आटो का संचालन इसी सप्ताह शुरू करने की तैयारी है।
सोमवार को दिल्ली ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के अधिकारी एनसीआर आटो का डेमो लेंगे। यूपी के अफसर पहले ही अकेले इसका डेमो ले चुके हैं। एनसीआर आटो संचालन की तैयारी छह साल से चल रही है।
आरटीओ मयंक ज्योति ने बताया कि दिल्ली-लखनऊ से इसके संचालन की फाइल ओके कराकर जल्दी संचालन शुरू कराने की तैयारी है। उम्मीद है कि इसी सप्ताह एनसीआर आटो सड़क पर आ जाएगा।
यूपी परिवहन निगम ने टीवीएस कंपनी के एनसीआर आटो को डेमो को पास कर दिया है। अभी दिल्ली के ट्रांसपोर्ट अफसरों को इसको पास करना बाकी है। टीवीएस कंपनी ने मानकों के अनुसार एनसीआर आटो तैयार कर लिया है। आरटीओ आफिस में इसका डेमो सोमवार को किया जाएगा।
कंपनी के अधिकारियों ने शनिवार को मेरठ रोड स्थित एजेंसी पर बैठक कर आटो को दिल्ली की शर्तों के अनुसार और संशोधित करा दिया। अब सोमवार को अधिकारियों की संयुक्त टीम एनसीआर आटो का डेमो लेगी।
इसके बाद मंगलवार से इसकी बिक्री शुरू कर दी जाएगी। शनिवार तक 877 लोगों ने एनसीआर आटो बुक करा दिया था। परिवहन विभाग के आरआई सुहेल अहमद ने आटो की मानक परीक्षण के आधार पर इनको आटो खरीदने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।