बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीबीनगर रोड स्थित सत्तावन चौराहे के पास अनियंत्रित बाइक खंभे से टकरा गई। इस दौरान बाइक सवार एनसीसी 38 बटालियन के चालक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिला बुलंदशहर के गांव वाजिदपुर बड्ढा निवासी धर्मेंद्र (55) एनसीसी 38 बटालियन हापुड़ में चालक के पद पर तैनात थे। मंगलवार की दोपहर लगभग पौने चार बजे वह ड्यूटी खत्म कर बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। बीबीनगर रोड स्थित सत्तावन चौराहे के पास पहुंचने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई। हादसे में उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान यहां लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से मृतक के शिनाख्त का प्रयास किया। शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने बटालियन के सूबेदार योगेंद्र सिंह व मृतक के पुत्र दीपक को दी। सूचना पर परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और बटालियन के जवान यहां पहुंचे थे। सीओ ने प्रथम दृष्टया हादसा बाइक खंभे से टकराने से हुआ है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।