आम्रपाली के पांच प्रोजेक्टों का काम पूरा करने के लिए एनबीसीसी ने टेंडर निकाला है, लेकिन खरीदारों को अभी भी प्रोजेक्ट के पूरा होने में संशय है। सेक्टर-107 स्थित आम्रपाली हार्ट बिट सिटी के खरीदार पुनीत पाराशर का कहना है कि ऐसी सूचना मिल रही है कि आम्रपाली के पांच प्रोजेक्टों का काम शुरू करने के लिए कवायद की जा रही है।
इसमें अधूरे काम भी पूरे होंगे, लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या गारंटी है कि आम्रपाली का इसमें हस्तक्षेप नहीं होगा। नकली कंपनी बनाकर अपने ही काम को टेकओवर किया जा सकता है। इस पर कितनी निगरानी होगी। जितने पैसे में यह काम पूरे करने की बात की जा रही है। उसकी व्यवस्था कैसे होगी। अगर कोई कंपनी यहां का काम करती है तो उसे कैसे फायदा होगा। यह सब बातें प्रोजेक्ट को पूरा करने में संशय पैदा कर रही हैं। खास बात यह कि अभी टेंडर जारी हुआ है। अभी कोई आता भी है या नहीं। यह भी देखने वाली बात होगी।
इन प्रोजेक्टों का निकला टेंडर
सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली सिलिकॉन सिटी, प्रिंसले एस्टेट, सेक्टर-120 स्थित जोडिएक, सेक्टर-107 स्थित हार्ट बिट सिटी-1 और 2 का टेंडर निकला है। इन प्रोजेक्टों को पूरा करने की अनुमानित लागत करीब 120 करोड़ रुपये आंकी गई है।