एमसीडी चुनाव को नाक सवाल बनाते हुए भाजपा ने इसे राष्ट्रीयता का रंग देना शुरू कर दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को एलान किया कि एमसीडी चुनाव केवल नागरिक विषयों पर केंद्रित न रहकर अब यह राष्ट्रवादी और राष्ट्रविरोधी, अराजकतावादी ताकतों के बीच लड़ाई बन गई है।
दिल्ली वास्तव में मिनी इंडिया का प्रतीक है और यहां घटित होने वाले मामलों की गूंज पूरे राष्ट्र में सुनाई देती है। प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गुप्ता ने कहा कि हाल ही में दिल्ली सरकार ने शहीदी दिवस के अवसर पर विधानसभा में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए व्याख्यान समारोह में सुप्रीम कोर्ट के वकील और लेखक एजी नूरानी जैसे विवादास्पद व्यक्ति को आमंत्रित किया था।