हरियाणा राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष राव इंद्रजीत सिंह
- फोटो : अमर उजाला
कादरपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में शनिवार को 25वीं ऑल इंडिया जीवी मावलंकर तथा 59वीं बिग बोर राइफल नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की शुरुआत हुई।
बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व हरियाणा राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष राव इंद्रजीत सिंह ने किया। इस मौके पर हरियाणा के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनिल विज भी उपस्थित थे।
दोनों मंत्रियों ने राइफल उठाकर निशाना भी लगाया। खेल मंत्री ने इस मौके पर राइफल एसोसिएशन को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस प्रतियोगिता में 28 राज्यों के अलावा सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ समेत अन्य अर्धसैनिक बलों के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। दस दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहले दिन केवल प्रैक्टिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
रविवार से इसका मुकाबला कराया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देश में खेल संसाधनों को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते शूटिंग की सुविधाओं को मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।
इस मौके पर हरियाणा राइफल एसोसिएशन के महासचिव अशोक मित्तल, नेशनल राइफल एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेजीडेंट अवतार सिंह, एनआरआई के मुख्य सलाहकार बलजीत सिंह, सीआरपीएफ के डीआईजी केके सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।