उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बरसात जारी है। बता दें एक दिन पहले ही मौसम विभाग ने उत्तरी भारत में ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावनाएं व्यक्त की थीं। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार दोपहर हिमाचल प्रदेश के कुफरी में ताजा बर्फबारी हुई है। इस कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर बर्फ की मोटी परत जम गई। गाड़ियों को मजबूरन जहां-तहां रुकना पड़ा।
इस कारण हाईवे पर भीषण जाम लगा है। वहीं उत्तराखंड में शनिवार को दुर्गम क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई जबकि निचले कुछ इलाकों में दिनभर दो से तीन दौर की बारिश होने से तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रविवार को ज्यादातर क्षेत्रों में आरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के दुर्गम क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हुई है। दिन में कई बार हुई बर्फबारी से ज्यादातर ऊंची पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। वहीं कुछ निचले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। इससे ज्यादातर क्षेत्रों के तापमान में भारी गिरावट आई है। सर्द हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है।
रविवार को जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग, पुंछ, बारामूला व कश्मीर संभाग के विभिन्न हिस्सों में बर्फबारी की जानकारी मिली है। आपको बता दें कि घाटी का शनिवार दूसरे दिन भी देश से सड़क संपर्क कटा रहा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे स्थित जवाहर टनल पर बर्फबारी से शुक्रवार शाम से ही यातायात रोक दिय गया है।
इससे दोनों ओर हजारों वाहन फंसे हुए हैं। वहीं राजोरी और पुंछ जिले को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड भी पहले से ही बंद है। वैष्णो देवी के भवन सहित भैरों घाटी और सांझी छत्त मार्ग तक बर्फबारी हुई है। कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा पांच घंटे प्रभावित रही। उधर मौसम खराब होने के चलते श्रीनगर से भी उड़ान रद्द की गयी हैं।
मैदानी क्षेत्रों में भी रात के वक्त हल्की बारिश हुई है। हालांकि कई इलाके ऐसे भी रहे जहां पूरे दिन बादल छाए रहे लेकिन बरसात नहीं हुई। इस वजह से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हुए। दिल्ली-एनसीआर में भी सवेरे के वक्त बूंदाबांदी हुई।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ व हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राजधानी देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में ओले गिरने का अनुमान है। इसे देखते हुए शासन ने सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।