गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग का दायरा बढ़ सकता है। इसमें हीरो चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक की सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने की योजना है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग काम कर रहा है।
इस बारे में एलायनमेंट रिपोर्ट बनाकर केंद्रीय भूतल सड़क परिवहन मंत्रालय में स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। अगर सब कुछ रहा तो नया राष्ट्रीय राजमार्ग हीरो होंडा चौक से रेवाड़ी तक होगा।
बता दें कि कुछ महीने पहले गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा केंद्र सरकार ने दिया है। यह मार्ग सेक्टर 10ए के सामने उमंग भारद्वाज चौक से शुरू होता है। इसी मार्ग पर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे स्थित हीरो होंडा चौक की तरफ से ही आते हैं।
इसे देखते हुए हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक की सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने का निर्णय लिया है। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर लगभग 600 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव अग्रवाल ने बताया कि हीरो चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने का प्रस्ताव दिया गया है। डीपीआर तैयार होते ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।