नेशनल अवार्ड प्राप्त करने वाले शिक्षकों को रिटायरमेंट के बाद दो साल का एक्सटेंशन नहीं मिलेगा। केंद्र सरकार ने 2017 में पास प्रस्ताव पर अपना फैसला बदल दिया है। अब नेशनल अवार्डी शिक्षकों को दो साल की एक्सटेंशन की बजाय कांट्रेक्ट पर दोबारा नियुक्त किया जा सकता है।
सरकार से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के मकसद से नेशनल अवार्ड प्राप्त शिक्षकों को रिटायरमेंट के बाद दो साल की एक्सटेंशन देने की योजना तैयार हुई थी। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन की काउंसिल बैठक में इस पर प्रस्ताव भी आया। इसे काउंसिल बैठक में पास भी कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, दो दिन पहले मानव संसाधन विकास मंत्रालय में आयोजित बैठक में प्रस्ताव के फैसले को बदल दिया गया। केंद्र सरकार के नियमों के तहत शिक्षक 60 साल तक सेवाएं दे सकते हैं। ऐसे में नेशनल शिक्षक अवार्ड प्राप्त करने वाले शिक्षकों को रिटायरमेंट के बाद दो साल की एक्सटेंशन नहीं दी जा सकती थी। हालांकि शिक्षकों को राहत देने के लिए दो साल के एक्सटेंशन की बजाय रिटायरमेंट के बाद दो साल के कांट्रेक्ट पर दोबारा रखा जा सकेगा।