जनकपुरी निवासी नैंसी की हत्या उसी की पिस्टल से की गई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी साहिल ने खुलासा किया है कि नैंसी के किसी दोस्त ने उसे पिस्टल तोहफे में दी थी। नैंसी की हत्या में साहिल ने उसी अवैध पिस्टल का इस्तेमाल किया।
हत्या करने के बाद साहिल पुलिस को गुमराह करता रहा। 23 नवंबर को आरोपी ने मियांवाली नगर थाने में नैंसी के लापता होने की शिकायत देकर बताया था कि नैंसी कार से उतरकर कहीं चली गई थी, लेकिन अगले दिन नैंसी के पिता ने जब शिकायत कर साहिल पर ही शक जताया, तो पुलिस ने हत्याकांड से पर्दा उठाकर नैंसी का शव पानीपत के गांव ददलाना से बरामद कर लिया। पुलिस आरोपी साहिल से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल व कार बरामद करने का प्रयास कर रही है।
पश्चिम जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ढाई साल पहले नैंसी और साहिल की मुलाकात रोहिणी में एक बर्थडे पार्टी में हुई थी। उस समय नैंसी ईवेंट मैनेजमेंट का काम करती थी। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। नैंसी ने अपने परिवार को छोड़कर साहिल के साथ सहमति संबंध में रहना शुरू कर दिया। 27 मार्च, 2019 को परिवार वालों के दबाव के बाद दोनों ने शादी कर ली।
शादी होते ही दोनों के बीच तनाव शुरू हो गया। बात यहां तक आ गई कि नैंसी साहिल को छोड़कर कई-कई दिन अलग रहने लगी। साहिल नैंसी पर शक करता था। इसके अलावा नैंसी को बहुत ज्यादा खर्चा करने की आदत थी।
इसी बात से परेशान होकर साहिल ने नैंसी की हत्या की साजिश रची। नैंसी के पास अवैध पिस्टल थी, जिसे उसके किसी दोस्त ने तोहफे में दिया था। साहिल ने चुपचाप पिस्टल को अपने पास रख लिया। 11 नवंबर को घुमाने की बात कर वह अपने कर्मचारी शुभम के साथ नैंसी को कार से पानीपत ले गया।
वहां हाईवे पर कहासुनी के बाद नैंसी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। बाद में कर्मचारी शुभम और रिश्तेदार बादल की मदद से शव को ठिकाने लगाकर आरोपी वापस दिल्ली आ गया। पिस्टल को भी आरोपियों ने पानीपत में छिपा दिया। इधर नैंसी के परिवार ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका फोन बंद आने लगा।
पुलिस को गुमराह करने के लिए साहिल ने खुद 23 नवंबर को उसकी गुमशुदगी मियांवाली नगर थाने में दर्ज कराई। 24 नवंबर को जब नैंसी के पिता संजय शर्मा ने बेटी के लापता होने की शिकायत दी, तो फौरन पुलिस टीम बनाकर मामले की छानबीन शुरू की गई।
कॉल डिटेल रिकॉर्ड से सारा केस खुल गया। साहिल को दबोचकर उनकी निशानदेही पर नैंसी का शव पानीपत से सड़ी-गली हालत में बरामद कर लिया गया। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल कार व पिस्टल बरामद करने का प्रयास कर रही है।