पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल सीडीआर के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-137 स्थित गुलशन विवांते सोसाइटी में शुक्रवार रात 10वीं मंजिल के शाफ्ट एरिया से गिरने से नैनी (घरेलू सहायिका) मोनिका (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मूलरूप से मोहम्मदाबाद गजरौला, अमरोहा निवासी मोनिका सेक्टर-168 के मंगरौली गांव में परिवार के साथ रहती थी। वह करीब तीन साल से सोसाइटी में एक दंपती के यहां नैनी का काम कर रही थी। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे पुलिस ने परिजन को फोन कर बताया कि मोनिका ने बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली है। परिजन का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका कहना है कि शव की तस्वीरों में कपड़े फटे नजर आ रहे हैं, जिससे घटना पर संदेह गहरा रहा है।
जिस फ्लैट में मोनिका काम करती थी, वहां की मालकिन ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उनके पति दोस्तों के साथ घर से बाहर थे। मोनिका बच्ची को खिलाने के लिए बाहर ले गई थी। वापस आने के बाद यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, मोनिका का शव फ्लैट से काफी दूर शाफ्ट के नीचे मिला।
दोनों भाइयों की पढ़ाई का खर्च उठाती थी मोनिका
मोनिका के पिता जगत सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन साल से दंपती के यहां नैनी का काम कर रही थी। सुबह काम पर जाने के बाद शाम को घर लौट आती थी, हालांकि कभी-कभी वहीं रुक भी जाती थी। वह मेहनत कर अपने दो छोटे भाइयों की पढ़ाई का खर्च उठाती थी। उसे हर महीने 13 हजार रुपये मिलते थे। उसकी छोटी बहन भी दूसरी सोसाइटी में काम करती है। जगत सिंह ई-रिक्शा चलाते हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राजीव कुमार गुप्ता, एसीपी सेंट्रल नोएडा