नेता की हत्या मामले की जांच में जुुटे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों को आशंंका है कि कपिल सांगवान उर्फ नंदू ने नफे सिंह की हत्या मंजीत महाल की वजह से नहीं की है, बल्कि किन्हीं और कारणों से की गई है।
हरियाणा के इनेलो नेता नफे सिंह हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। नेता की हत्या मामले की जांच में जुुटे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों को आशंंका है कि कपिल सांगवान उर्फ नंदू ने नफे सिंह की हत्या मंजीत महाल की वजह से नहीं की है, बल्कि किन्हीं और कारणों से की गई है। जांच में ये बात भी सामने आई है कि आरोपियों ने इनेलो नेता की हत्या के बाद हथियार मानेसर में किसी को दिए थे। इन्हें वारदात से पहले भी हथियार मानेसर के आसपास दिए गए थे।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों का मानना है कि हो सकता है नंदू ने इनेलो नेता से रंगदारी मांगी हो और इनेला नेता ने देने से मना कर दिया हो। ये भी हो सकता है कि इलाके में अपना प्रभुत्व जमाने के लिए नंदू ने इनेलो नेता की हत्या करवाई। हालांकि नफे सिंह के परिजनों ने रंगदारी मांगने या फिर रंगदारी की धमकी भरी कॉल आने की बात से इंकार किया है। ऐसे में दिल्ली पुलिस कारणों की तलाश कर रही है। पुलिस इसे कॉट्रेक्ट किलिंग बता रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नंदू ने मंडोली जेल में बंद अपने गुर्गे को मैसेज भिजवाया कि इनेलो नेता की हत्या करनी है। जांच में ये बात भी सामने आई है कि नंदू ने अपने गुर्गे को मंडोली जेल में फोन किया था। गुर्गे ने सौरभ को बुलाकर कहा था कि वह एक नंबर लेकर फोन चालू कर ले..भाई उसे फोन करेंगे। सौरभ हत्या व रॉबरी के दो मामलों में मंडोली जेल में छह साल बंद रहा था। वह पिछले साल ही जेल से बाहर आया था।
विज्ञापन
नंदू गिरोह के ऐसे संपर्क में आया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सौरभ मंडोली जेल में बंद नंदू गिरोह के संपर्क में आया। इसके बाद नंदू ने सौरभ को फोन कर नेता की हत्या करने के आदेश दिए। सौरभ नांगलोई का रहने वाला है। वह इलाके में ही रहने वाले सचिन को अपने साथ ले गया।
मुंबई मॉडल...
नंदू हत्याएं करवाने के लिए मुंबई मॉडल को अपना रहा है। इसके तहत हत्या के लिए जेल में बंद नए लड़कों को इस्तेमाल किया जाता है। इनको कुछ पैसे का लालच देकर बड़ी हस्ती की हत्या करवा दी जाती है। बदमाश को हथियार ही एक निश्चित जगह पर फेंकने के लिए कहा जाता है। इसके बाद आरोपी मुखबिरी करके उसका एनकाउंटर करवा देते हैं और हथियार की बरामदगी करवा देते हैं। इसी तरह नंदू हत्याएं करवा रहा है। डी कंपनी भी इसी तरह की हाईप्रोफाइल हत्याएं करवाती थी।