- विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत कार्रवाई, दस फर्म दवा नियमों का उल्लंघन करती मिली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दवा नियमों का उल्लंघन करने वाली फर्मों पर ड्रग कंट्रोल विभाग की कार्रवाई जारी है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत नांगलोई इलाके में विभाग ने गुणवत्ता जांच के लिए 49 दवाओं के सैंपल उठाए हैं। साथ ही 12 दवा विक्रेताओं के खिलाफ जांच और दस फर्म दवा नियमों का उल्लंघन करती मिली। इसको लेकर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रवर्तन टीम ने 12 रिटेल दवा डीलरों का निरीक्षण किया। कुछ फर्मों ने नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए दवाओं के लिए छूट ऑफर के बोर्ड लगा रखे थे। ऐसे सभी बोर्डों को हटाकर संबंधित फर्मों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जब तक दिल्ली का स्वास्थ्य मंत्री हूं दिल्ली में किसी भी सूरत में कोई भी नकली दवा नहीं बिकने दी जाएगी। जहां भी नियमों का उल्लंघन होगा वहां प्रवर्तन की कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।