नशे की हालत में नरेंद्र ने निखिल बोरा से सिगरेट मांगी। इस बात पर सभी मिलकर नरेंद्र का मजाक उड़ाने लगे। इस बात पर खफा होकर नरेंद्र ने आरोपियों को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। इसी बात पर आरोपियों ने पहले नरेंद्र को पीटा और बाद में उसके शरीर पर चाकू के कई वारकर उसकी हत्या कर दी।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि बुधवार रात उनकी टीम को सूचना मिली कि राजेंद्र पार्क, वेस्ट विनोद नगर इलाके में गणेश पंडाल के पास एक युवक खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के लिए स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड और थाने की टीम का गठन किया गया। सबसे पहले मृतक की पहचान की गई। जांच के दौरान पता चला कि चार माह पूर्व ही नरेंद्र नौकरी की तलाश में दिल्ली आया था। वह मंडावली में किराए का कमरा लेकर रह रहा था।
दूसरी ओर पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी से पड़ताल की। इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक की टीम ने खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद से अमन सैफी और आफताब को गिरफ्तार किया। दोनों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात स्वीकार की। दोनों बाकी आरोपी चुन्नू, प्रेम कुमार और भुप्पी का नाम बताया।