- आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवरात, 20 हजार कैश व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिले की कृष्णा नगर थाना पुलिस ने बंद मकान से गहने और नकदी चोरी करने की गुत्थी को सुलझाते हुए एक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गहने, 20 हजार कैश, वारदात के समय पहने हुए कपड़े और बाइक बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनीश अहमद (45), निवासी लोनी (गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि 11 अगस्त को कृष्णा नगर निवासी अनिल कुमार के घर से दिनदहाड़े जेवरात और 20 हजार कैश चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज हुई थी। सीसीटीवी और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी अनीश अहमद की पहचान कर उसे दबोच लिया। उसके पास से सोने के झुमके, मंगलसूत्र अन्य जेवरात और पांच कैश बरामद हुआ है। पूछताछ करने पर आरोपी ने गांधी नगर इलाके में 10 अगस्त को हुई चोरी में भी अपना हाथ होने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर गांधी नगर क्षेत्र से चोरी किए गए 15 हजार कैश, 1 तोला सोने का हार, अंगूठी, झुमके, नथ, अन्य सामान और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली गई।