कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित दिवाली मेले का तीसरे दिन भी दिल्ली वालों ने जमकर लुत्फ उठाया। लेजर लाइट शो के दौरान गायिका शिल्पा राव के गीतों पर लोग जमकर झूमे। इस मौके पर लोगों ने सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भी खूब लुत्फ उठाया।
सेंट्रल पार्क के एम्पी थियेटर में सोमवार शाम से ही लोगों की भारी भीड़ जमा होनी शुरू हो गई। शाम होते ही पार्क में लेजर लाइटों के प्रदर्शन के साथ म्यूजिक शो की भी शुरुआत हो गई।
इस शो में लेजर लाइटों के जरिये विभिन्न तरह की कलाकृतियों को भी बनाकर दिखाया गया। पार्क में लगे विभिन्न स्टॉल पर उत्पादों की लोगों ने खरीदारी भी की। लोगों की भीड़ के कारण कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल में वाहनों का भारी जाम लग गया। इस दौरान जनपथ मार्ग, केजी मार्ग, संसद मार्ग और मिंटो रोड पर सबसे ज्यादा यातायात प्रभावित रहा।