कनाडा से दो सप्ताह पहले सेक्टर-23 स्थित अपने घर आई एक निजी स्कूल की प्राचार्या सविंदर कौर (54) की शनिवार देर शाम अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। जिस वक्त आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया उस वक्त मृतका घर पर अकेली थी। घटना के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की बात सामने आ रही है। जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त सविंदर कौर ने अपने बेटे प्रभशरण सिंह को फोन भी किया था, लेकिन जब तक प्रभशरण घर पहुंचता तब तक सविंदर दम तोड़ चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को मेडिकल बोर्ड से मृतका का पोस्टमार्टम करवाया। पालम विहार थाना पुलिस ने मृतक के पति सुखबीर सिंह ने अपने छोटे भाई जसप्रीत सिंह, उनकी पत्नी प्रीती कौर सहित परम कौर के खिलाफ नामजद करते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुखबीर सिंह ने शिकायत में कहा कि जसप्रीत के साथ उनका संपत्ति को लेकर विवाद चला आ रहा है। मामला सत्र न्यायालय व उच्च न्यायालय में लंबित हैं। सुनवाई के दौरान भी कई बार उनकी कहासुनी हो चुकी है। वह शनिवार शाम मार्केट गए थे। करीब सवा 7 बजे लौट रहे थे, तो उनके बेटे प्रभशरण ने उन्हें फोन किया और कहा कि कोई घर में घुस गया है और मां (सविंदर कौर) के साथ कोई झगड़ा हुआ है। जिस पर मां ने उन्हें फोन किया है, जो बचाने के लिए चिल्ला रही हैं। इस पर सुखबीर सिंह मार्केट से घर की तरफ भागे और किसी तरह घर का दरवाजा खोलकर घर में घुसे तो कोई व्यक्ति बालकनी से कूदकर भागा और उनकी पत्नी कमरे में मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। कुछ ही देर में उनका बेटा प्रभशरण भी घर पहुंच गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पालम विहार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुखबीर ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी सविंदर कौर की हत्या के पीछे उनके भाई जसकरण व उसके परिवार का हाथ है।
पोस्टमार्टम में साफ नहीं हुई वजह
पुलिस ने रविवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। बोर्ड के सदस्य एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. दीपक माथुर ने बताया कि शव पर चोट के निशान मिले हैं। सिर पर उन्हें कोई चोट का निशान नहीं मिला है। फिलहाल मौत के असल कारणों का पता नहीं लगा है। बिसरा जांच के लिए लैब में भेजा गया है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
कई बार हो चुका है झगड़ा
प्रभशरण सिंह के मुताबिक, उनके परिवार का जसप्रीत सिंह व उसके परिवार से संपत्ति विवाद में अनेक बार झगड़ा हो चुका है। अक्सर उनके चाचा-चाची गाली-गलौज करते रहते हैं। संपत्ति के मामले अदालत में विचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उनके चाचा जसप्रीत सिंह ने पुलिस के साथ मिलकर उनके खिलाफ गमला तोड़ने की शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस अनेक बार पूछताछ कर चुकी है। जसप्रीत ने उन्हें व उनकी मां को मारने की अनेक बार धमकी भी दी है।