दिवाली की रात चाचा-भतीजे की हत्या के मामले की शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक आकाश शर्मा पर हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। वह सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन साल तक जेल में भी रह चुका था। एक मामला सट्टा चलाने को लेकर भी है।
बड़े भाई योगेश पर भी मारपीट और धमकाने के मामला दर्ज हैं। पुलिस नाबालिग आरोपी से लेनदेन को लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, परिजनों का कहना है कि उन लोगों ने आरोपी को पैसे उधार दिए थे और पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने शूटर के जरिये आकाश की हत्या करवाई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आपराधिक छवि होने से आकाश की कई लोगों से रंजिश थी। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि दूर के भतीजे का इस्तेमाल कर किसी बदमाश ने आकाश की हत्या करवाई हो। नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि वह शूटर से इंस्टाग्राम के जरिये संपर्क में आया था।
शूटर की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इधर, घटना के बाद से आकाश के घर में मातम है। आकाश की मां का बुरा हाल है। भाई और बेटे की मौत से योगेश भी पूरी तरह से टूट चुके हैं।
रोते हुए योगेश ने बताया कि उनके रिश्तेदार ने ही भाई और बेटे को भी मरवा दिया। आरोपी उनके ताऊ के बेटे का बेटा है। घटना के समय वह पहली मंजिल पर खाना खा रहे थे।
योगेश ने दावा किया कि हमने आरोपी भतीजे को पैसे उधार दिए थे। पैसे वापस मांगने पर उसके इरादे बदल गए और हत्या करवा दी। नाबालिग होने का फायदा उठाकर भतीजे ने वारदात को अंजाम दिया है।