- सुबह 10 से 12 बजे तक फील्ड में रहेंगे वरिष्ठ अधिकारी, कचरा दिखते ही तत्काल उठान के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर अब निगम के वरिष्ठ अधिकारी सीधे फील्ड में निगरानी करेंगे। निगमायुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर सभी अतिरिक्त निगमायुक्त और संयुक्त आयुक्त रोजाना सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान संबंधित टीमों को मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।
नगर निगम ने गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) को लेकर भी सख्ती बढ़ा दी है। जीवीपी से कचरा उठाने के बाद वहां चूना डालना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सफाई के बाद दोबारा उसी स्थान पर कचरा जमा न हो। इसके लिए जीवीपी की नियमित निगरानी की जाएगी। सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सफाई, कचरा उठान और जीवीपी की स्थिति का जायजा लिया। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, सेक्टर-29 समेत प्रमुख क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। यहां सीएंडडी वेस्ट, बागवानी कचरा या अन्य कूड़ा मिलने पर तत्काल उठान होगा। सफाई व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ाई जा रही है। सोमवार को शिवजी पार्क और वार्ड-35 में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने श्रमदान किया। निगमायुक्त ने कहा कि कचरा उठाने के साथ स्थल को दोबारा गंदा होने से रोकना भी निगम की जिम्मेदारी है।