नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता अब दूर से ही पहचान में आएगा। दस्ते के सदस्य अब अर्धसैनिक बल की वर्दी पहने नजर आएंगे। दस्ते में बख्तरबंद प्रकार के वाहन भी शामिल किए जाएंगे जिस पर तोड़फोड़ दस्ता लिखा होगा। तोड़फोड़ दस्ते को मजबूत करने के लिए निगम बाउंसरों को भी आउटसोर्सिंग पर रखने की तैयारी में है।
निगमायुक्त अनीता यादव शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाए जाने से पहले तोड़फोड़ दस्ते को सभी संसाधनों से लैस कर रही हैं। शहर में बिना सीएलयू, अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण को ध्वस्त करने के लिए निगम के प्रत्येक जोन के तोड़फोड़ दस्ते को विशेष रूप से गठित किया जा रहा है।
प्रत्येक जोन के दस्ते के पास अपनी बख्तरबंद प्रकार की जीप, जेसीबी मशीन, कटर, ड्रिल मशीन होगी। दस्ते के सभी सदस्यों को अर्धसैनिक बल वाली वर्दी दी जाएगी ताकि उन्हें दूर से ही पहचाना जा सके। अभियान के समय पुलिस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई का शेड्यूल पहले ही तय कर लिया जाएगा।
निश्चित तिथि पर पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस आयुक्त को शेड्यूल की प्रति भेजी जाएगी। दस्ते को मजबूत करने के लिए गृहरक्षी (होमगार्ड) के साथ आउटसोर्सिंग पर बाउसंर भी तैनात किए जाएंगे। नगर निगम के मुख्य अभियंता डीआर भास्कर ने बताया कि तोड़फोड़ दस्ते को आधुनिक यंत्र और तजुर्बेकार मानव संसाधन से लैस कर उसे नई पहचान दी जाएगी।