गुड़गांव नगर निगम एरिया में पानी की बर्बादी करने वाले सावधान हो जाएं।
अगर व्यर्थ में पानी बर्बाद किया तो मोटा जुर्माना देना पड़ सकता है। नगर निगम ने पानी बचाने के लिए एक अपील जारी की है। साथ ही पानी के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए मुनादी का सहारा भी लिया जा रहा है।
निगमायुक्त डॉ. प्रवीण कुमार ने अपील जारी करते हुए कहा है कि गर्मी के मौसम में पानी का दुरूपयोग ना करें और जरूरत अनुसार ही पानी का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन भूमिगत जल का स्तर गिरता जा रहा है, जो हमारे लिए चिन्ता का विषय है।
डॉ. कुमार ने कहा कि हर व्यक्ति को पानी की बचत करनी चाहिए। इसके लिए लोग अपने घरों व गाड़ियों को पानी का पाईप चलाकर ना धोएं। इसके अलावा, गार्डन में भी पानी को खुला ना छोड़ें।
यह भी पढ़ें: रोजाना दांव पर मासूम जिंदगियां
उन्होंने कहा कि जब पौधों में पानी देना हो तो इसके लिए पाईप का इस्तेमाल करने की बजाए बाल्टी का इस्तेमाल करें, ताकि पानी व्यर्थ में ना बहे।
उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को यह चाहिए कि जब जरूरत ना हो तो वे पानी के नल बंद कर दें। इसी प्रकार नगर निगम क्षेत्र में स्थापित सर्विस स्टेशनों के लिए पानी का इस्तेमाल वर्जित है और अगर कोई अवैध सर्विस स्टेशन पानी का दुरूपयोग करता है, तो उस पर भारी जुर्माना किया जाएगा।
निगमायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पानी का दुरूपयोग करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी तथा भारी जुर्माना भी किया जाएगा।
डॉ. कुमार ने जल संरक्षण के उपायों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि घरों में अपना भूमिगत टैंक बनाएं और उस पर मोटर लगाकर पानी छत पर चढ़ाएं।
यह भी पढ़ें: पानी को लेकर हफ्ता नहीं मंथली वसूल रहे हैं अधिकारी
घरों में लगे नल पर टूटी अवश्य लगाएं तथा जरूरत के अनुसार ही इसका प्रयोग करें, यदि नगर निगम एरिया में पानी की पाइप लाईन किसी कारण से लीक हो तो इसकी सूचना विभाग को तुरंत दे। बिना अनुमति के अपने घर में पानी का कनेक्शन ना कराएं तथा पानी का मीटर जरूर लगवाएं।
निगमायुक्त ने कहा कि सभी को सुचारू रूप से पानी उपलब्ध हो, यह तभी संभव होगा जब हम पानी का दुरूपयोग बंद करेंगे। उन्होंने आम जनता से जल संरक्षण के बारे में सुझाव देने की अपील भी की है।
सुझाव देने के लिए नगर निगम के कार्यकारी अभियंता के मोबाईल नबर 93100000657, अधीक्षक अभियंता के मोबाईल नबर 9717355356 या मुख्य अभियंता के मोबाईल नबर 9891455900 पर संपर्क किया जा सकता है।