देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी(जेएनयू) से गायब हुए इग्नू का छात्र तोरब नगर, गाजियाबाद निवासी मुकुल जैन अपने घर लौट आया है। बताया जा रहा है कि छात्र प्रेम-प्रसंग के चलते परेशान था और गंगा स्नान करनेे चला गया था। वसंतकुंज (नार्थ) थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। छात्र ने अपने साथ किसी तरह की अनहोनी व अपहरण होने की बात से इनकार किया है।
गौरतलब है कि मुकुल जैन (26) इग्नू से पीएचडी कर रहा था। जेएनयू की एक प्रोफेसर मुकुल जैन की सहायक गाइड थी। वह उनके पास आता रहता था। लाइफ साइंस का शोधार्थी सोमवार को जेएनयू अपनी गाइड से मिलने आया था। इसके बाद वह जेएनयू से गायब हो गया। इसके बाद कैंपस में लापता छात्र का पोस्टर चस्पा करने के साथ ही सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की गई थी। मुकुल की बहन शिल्पी की शिकायत पर वसंतकुंज(नार्थ) थाना पुलिस मामला दर्जकर छात्र की तलाश कर रही थी।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी मिलिंद डुंबेरे ने बताया कि छात्र मुकुल जैन अपने घर लौट आया है। जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह एक युवती से प्रेम-प्रसंग के चलते परेशान था। परेशान होने के कारण वह गंगा स्नान करने चला गया था।