मलबे से निकाले गए एक शव की पहचान पूर्णिया (बिहार) निवासी मुजाहिद के रूप में हुई है। बुधवार को उसका शव मलबे से निकाला गया था।
पहचान नहीं होने पर मोर्चरी में रखा गया था। वहीं, रिश्तेदार दो दिन से मुजाहिद को मलबे में दबा समझ रहे थे और उसके निकाले जाने का इंतजार कर रहे थे। बृहस्पतिवार की शाम को मोर्चरी पर जाकर उन्होंने शव की पहचान की।
मुजाहिद (18) की मां की मौत हो चुकी है। उसकी एक बहन और एक भाई हैं। जो उससे छोटे हैं। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। पिता से उसकी बनती नहीं है।
अपने छोटे भाई-बहन की परवरिश के लिए वह पैसा कमाने ग्रेटर नोएडा आया था। यहां आकर वह पेंटर का काम करने लगा। फिलहाल, वह साथियों के साथ शाहबेरी की इसी बिल्डिंग में रह रहा था।