हावड़ा की ओर जाने वाली कालका मेल रविवार को नहीं जाएगी। मुगलसराय में शुक्रवार को मालगाड़ी पटरी से उतरने का असर गाजियाबाद में भी रहा। रूट बाधित होने की वजह से रविवार को कालका-हावड़ा मेल रद्द रहेगी।
ऐसे में दो महीने पहले रिजर्वेशन कराकर कंफर्म टिकट पाने वाले यात्री सफर नहीं कर सकेंगे। शनिवार को भी कालका मेल और कोलकाता-आनंद विहार एक्सप्रेस (अप) रद्द कर दी गई थी। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हावड़ा रूट बाधित होने की वजह से शनिवार को गाजियाबाद की ओर से हावड़ा रूट पर चलने वाली राजधानी समेत 10-12 ट्रेनें लेट चलीं।
हालांकि रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मुगलसराय में रूट को ठीक कर लिया गया है, लेकिन इसकी वजह से प्रभावित हुई ट्रेनों का शेड्यूल कई दिन में सामान्य हो सकेगा। मुगलसराय में हई ट्रेन दुर्घटना का असर हावड़ा से लेकर दिल्ली तक रहा।
नार्दन रेलवे पीआरओ एएस नेगी ने बताया किमुगलसराय में मालगाड़ी पटरी से उतरने का असर नार्दन रेलवे की ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है। शनिवार को कई ट्रेनों को री-शेड्यूल कर चलाया गया। रविवार को चार ट्रेनों का संचालन निरस्त रहेगा।
इंटरलाकिंग की वजह से रद्द रहीं कई ईएमयू
तुगलकाबाद में नॉन इंटरलाकिंग सिस्टम को बदलने के चलते शनिवार को गाजियाबाद-दिल्ली-मथुरा के बीच ईएमयू ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। शनिवार को गाजियाबाद-पलवल 64906 ईएमयू रद्द रही।
इसके अलावा पलवल-गाजियाबाद 64051 ईएमयू, गाजियाबाद-मथुरा 64904 ईएमयू रद्द रहीं। शनिवार को इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस भी नहीं चली।
यह ट्रेन रविवार को गाजियाबाद में पहुंचनी थी, लेकिन शनिवार को संचालन न होने से नहीं पहुंचेगी। रविवार को इनके अलावा कई ईमएयू और उत्कल एक्सप्रेस गाजियाबाद स्टेशन पर नहीं पहुंचेगी।