सांसद आदर्श ग्राम योजना के दूसरे चरण के तहत जिले के गांव ऊंचा मांजरा और खेड़ा खुर्रमपुर का चयन किया गया है। आदर्श ग्राम योजना के तहत चुने गए इन दोनों गांवों के विकास के लिए सर्वे कराया जाएगा।
इसमें ग्रामीणों की भी मदद ली जाएगी। इससे यहां की कमियों का पता लगाकर खामियों को दूर किया जाएगा। इस दौरान गांव के लोग आपसी सहमति से भी गांव के ही सदस्यों की एक टीम तैयार करेंगे जो सर्वे टीम के साथ मिलकर विकास कार्यों की सूची तैयार करवाने में मदद करेगी।
इसे लेकर बृहस्पतिवार को अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गांव ऊंचा मांजरा स्थित आईटीआई भवन में जिला प्रशासन के अधिकारियों व ग्रामीणों की संयुक्त रूप से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्लानिंग ऑफिसर जय सिंह यादव ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था, 24 घंटे बिजली की आपूर्ति, शौचालय, हरियाली, पंचायती जमीन पर हरियाली, गाय का दूध-घी, पूजा स्थल निर्माण, स्किल डेवलपमेंट, पर्याप्त मात्रा में अनाज की उपलब्धता, गलियों का निर्माण करवाना, ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, सोलर स्ट्रीट लाइटें, बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण, गांव में बैंक, एटीएम या पोस्टऑफिस का निर्माण करवाना, शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था करना आदि शामिल है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मनोज कौशिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेमलता यादव, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रदीप अहलावत, प्लानिंग ऑफिसर जय सिंह यादव आदि मौजूद रहे।