प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो चुका है। ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच गोविंदपुरम अनाज मंडी में रखा गया है। अब इंतजार सिर्फ मतगणना का है।
मतगणना का काम 16 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगा। माना जा रहा है कि दोपहर एक बजे तक गाजियाबाद सीट से चुने जाने वाले सांसद की घोषणा कर दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एसवीएस रंगाराव ने बताया कि गोविंदपुरम अनाजमंडी में ही मतगणना का काम किया जाएगा। मतगणना विधानसभावार की जाएगी।
इसके लिए अलग-अलग हॉल तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक हॉल में 14 टेबल होंगी। उन्होंने बताया कि चूंकि साहिबाबाद विधानसभा बड़ी है।
समय से मतगणना का काम पूरा हो जाए इसके लिए साहिबाबाद विधानसभा की गिनती के लिए 28 टेबल लगवाई जाएंगी। दोपहर एक बजे तक मतगणना का काम पूरा किए जाने की उम्मीद है। मतगणना होने तक गोविंदपुरम अनाज मंडी में ही एक कंट्रोल रूम बना दिया गया है।