मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में पति के तलाक का नोटिस भेजे जाने से हताश महिला ने तीन साल की मासूम बेटी की हत्या कर खुद जहर खा लिया। भाई ने बहन और बच्ची को लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचाया, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। बहन सुषमा देवी (28) की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक बच्ची की शिनाख्त रौनक (3) के रूप में हुई है। पुलिस ने सुषमा के खिलाफ हत्या और आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर परिजनों से पूछताछ कर रही है।
सुषमा पिछले कुछ समय से मायके रविदास कॉलोनी, नबी करीम में रह रही थी। इसके परिवार में भाई हनी व मां हैं। वर्ष 2016 में सुषमा की प्रताप नगर निवासी धर्मेंद्र से शादी हुई थी। शादी के बाद उन्हें एक बेटी हुई, जिसका नाम रौनक रखा। धर्मेंद्र प्राइवेट नौकरी करता है। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन इस बीच धर्मेंद्र शराब पीने लगा। सुषमा ने विरोध किया तो दोनों के बीच झगड़े होने लगे। विवाद बढ़ने पर 2018 में सुषमा मायके आकर रहने लगी। भाई हनी ने बताया कि जनवरी माह में धर्मेंद्र ने सुषमा को तलाक का नोटिस भेज दिया। तभी से वह मानसिक तनाव में रहने लगी।
मंगलवार शाम को मां मंदिर गई हुई थी और भाई काम पर गया था। इसी दौरान सुषमा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। भाई घर पहुंचा तो उसने देखा कि बहन का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ देखा तो बहन बेसुध जमीन पर पड़ी थी। जबकि मासूम रौनक के गले पर सलवार लिपटी हुई थी। सुषमा ने बेटी का सलवार से गला घोंटकर खुद भी जहर खाया हुआ था। फौरन हनी बहन व भांजी को अस्पताल ले गया, जहां सुषमा का इलाज जारी है। पुलिस ने रौनक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।