घटनास्थल से पुलिस को कई खोखे और मैगजीन मिली हैं। छानबीन और स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि घायल मां और बेटी हैं। जांच आगे बढ़ाने पर पुलिस को पता चला कि दोनों दीपावली के दिन कार से पितरों की पूजा करने पहुंची थीं। पूजा करने के दौरान ही वहां दो लोग आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर फरार हो गए। हमलावरों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया है, इससे पुलिस को आशंका है कि भाड़े के बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। शुरुआती जांच में परिवार में ही प्राॅपर्टी विवाद, पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।
जेठ के परिवार पर गोलीबारी करवाने का आरोप लगाया
पुलिस के सूत्रों का कहना है कि जांच में पता चला कि राकेश देवी का अपने जेठ से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। 2018 में राकेश देवी के पति राजेंद्र का अपने बड़े भाई से प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई थी। इस मामले में राकेश देवी के जेठ और उनके बेटे को जेल जाना पड़ा था। जेल में ही महिला के जेठ की मौत हो गई थी। पीड़ित महिला के परिजनों ने जेठ के परिवार पर ही गोलीबारी करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पीड़ित परिवार के लगाए आरोप के अनुसार मामले की छानबीन करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।