लोगों ने पहले पुश्ता रोड को जाम किया, इसके बाद आउटर रिंग रोड को जाम कर दिया। दोपहर से शाम तक आउटर रिंग रोड पर यातायात जाम रहा। पुलिस लोगों से रिंग रोड से हटने की बात कहती रही। देर शाम को लोग हटे। इस दौरान स्थानीय विधायक संजीव झा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह लगातार अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं और इस मामले में वह खुद लोगों का घर बचाने के लिए कोर्ट में अपील करने की तैयारी कर चुके हैं। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि देर शाम लोगों को समझाकर सड़क खुलवाकर यातायात के लिए शुुरू करवा दी।
यह है मामला
बताया जा रहा है कि संगम विहार और झड़ोदा में भूमि बंटवारे के वक्त पाकिस्तान से आए शरणार्थियों को रहने के लिए दी गई थी लेकिन वह किसी वजह से यहां रहे नहीं। भूमाफिया ने उक्त जमीन पर काॅलोनी काटकर लोगों को बेच दी। अब इस मामले में हाईकोर्ट ने जगह खाली कराने का आदेश दिया है, इस पर दिल्ली सरकार के भूमि और भवन विभाग द्वारा यहां रह रहे लोगों को घर खाली करने का नोटिस दिया गया है।
यातायात करना पड़ा डाइवर्ट
दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि आउटर रिंग रोड पर बुराड़ी से वजीराबाद की ओर जाने वाले कैरिज्वे पर प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ। वाहन चालक मुकुंदपुर से अरिहंत मार्ग और बुराड़ी गोल चक्कर से होते हुए आजादपुर की तरफ से निकले।