होली पर जांच परखकर ही रंग खरीदें। बाजार में मच्छर मारने वाले स्प्रे की बोतल में रंग भरकर दिया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला आया है। मच्छर मारने वाली स्प्रे की बोतल में रंग भरा हुआ था, इसके खुलते ही दवा भी निकली।
जब इसकी शिकायत दुकानदार से की गई तो उसने आगे से ही ऐसा स्प्रे आने की बात कही। अब ऐसे में अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
सेक्टर-39 स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर प्रिवेंशन एंड रिसर्च में मेडिकल सोशल वर्कर के रूप में कार्यरत चंद्रेश प्रज्ञा वर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर सेक्टर-27 की मार्केट से रंग वाला स्प्रे खरीदा था।
घर में खोलकर देखा तो मच्छर मारने वाले स्प्रे की बोतल में रंग को भर हुआ था। स्प्रे करने पर उससे मच्छर मारने वाली दवा की बदबू भी आ रही थी।
स्प्रे में दवा खत्म होने से पहले ही रंग भर दिया गया। वहीं दुकानदार ने भी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। ऐसे में ये स्प्रे किसी को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।