दिल्ली में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। शहर पर चुनावी बुखार चढ़ने लगा है। हालांकि शहर के शांत माहौल को बिगाड़ने की कोशिशें भी लगातार जारी हैं।
त्रिलोकपुरी में दिवाली की देर रात शुरु हुआ तनाव अभी पूरी तरह खतम होता इससे पहले ही दिल्ली के दूसरे इलाके में भी वैसा ही तनाव फैलाने की कोशिश की गई जिसे समय रहते ही रोक दिया गया।
चौंकाने वाली बात ये है कि जिस ढंग से त्रिलोकपुरी में तनाव फैला ठीक उसी तरीके से ओखला में भी तनाव फैलाने की कोशिश की गई।
असल में ओखला के मदनपुर खादर इलाके में स्थित मस्जिद में कुछ उत्पाती तत्वों ने गंदगी फैला दी जिसे बुधवार की सुबह देखा गया। मस्जिद से कुछ दूरी पर ही माता की चौकी भी स्थित है।
कुछ ऐसे ही हालात त्रिलोकुपरी में सामने आए थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने मस्जिद के पास बने माता की चौकी पर गंदगी फैलाने की कोशिश की जिसके बाद दंगा भड़क गया।
आप नेता ने की शिकायत
हालांकि ओखला इलाके में पुलिस ने तत्परता दिखाई और मामले को ज्यादा उग्र नहीं होने दिया। पुलिस का कहना है कि ओखला में सबकुछ ठीक है।
हालांकि उन्हें इस मामले की जानकारी आम आदमी पार्टी के एक नेता इरफानउल्ला खान ने दी। शिकायत में कहा गया कि यह इलाका बेहद संवेदनशील है और इस इलाके की छानबीन होनी चाहिए साथ ही इस मामले की गंभीरता से जांच भी की जानी चाहिए।
बता दें कि ओखला में तनाव फैलने का कारण में मदनपुर खादर के जे जे कॉलोनी के डी ब्लॉक में बने गौसिया मस्जिद रही जहां सुबह की नमाज के समय लोगों ने मस्जिद में कुछ आपत्तिजनक चीजें फैली हुई देखी।
पुलिस ने की त्वरित कार्यवाई
मस्जिद के संचालन में लगे एक शख्स ने बताया कि हमने तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने भी त्वरित कार्यवाई करते हुए जल्दी ही उस जगह की सफाई करा दी।
हालांकि आम आदमी पार्टी के नेता अमानउल्ला खान द्वारा पुलिस को की गई शिकायत में कहा गया है कि कुछ अनजान लोग लगातार इस इलाके में तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। बुधवार को जो कुछ हुआ वह इसी की एक कड़ी है।
आप नेता ने मामले की जांच करने और संदिग्धों को तुरंत हिरासत में लेने की मांग भी की। जबकि इसी इलाके में कांग्रेस विधायक मोहम्मद आसिफ ने कहा कि इस तरह की कार्यवाई से तनाव बढ़ सकता है।
साभार: इंडियन एक्सप्रेस