200 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी के आरोपी सुकेश चंद्रशेखर की सहयोगी पिंकी ईरानी को रात में कोर्ट में पेश किया गया। उसके बाद पिंकी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने पिंकी ईरानी को गिरफ्तार किया था और उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस की जांच में सामने आई है कि महाठग चंद्रशेखर ने उसे भी करोड़ों रुपए दिए थे। ईओडब्ल्यू के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कुछ दिनों में पूरक आरोप-पत्र दाखिल कर दिया जाएगा। पूरक आरोप पत्र तैयार किया जा चुका है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुधवार को पिंकी ईरानी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के लिए ईओडब्ल्यू कार्यालय पहुंची पिंकी ईरानी से पूछताछ की गई। इसके बाद उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे संबंधित कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पुलिस को पिंकी की तीन दिन की कस्टडी सौंपी। बता दें कि पिंकी ईरानी वो महिला है जिसने सुकेश और जैकलीन की मुलाकात करवाई थी। इसके पहले ED ने उसे गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वो जमानत पर थी।
सुकेश ने पिंकी को भी दिए थे करोड़ों रुपये
सुकेश चंद्रशेखर ने सहयोगी पिंकी ईरानी को भी करोड़ों रुपये दिए थे। मुंबई के एक व्यक्ति के जरिये करीब 5 साल पहले चंद्रशेखर व पिंकी की मुलाकात हुई थी। इसके बाद सुकेश ने उसे गिरोह में शामिल कर लिया। वह लोगों व तिहाड़ अधिकारियों पर प्रभाव जमाने के लिए फिल्म अभिनेत्रियों से मिलता था। अभिनेत्रियों से मिलने का इंतजाम पिंकी करवाती थी। इसके एवज में सुकेश पिंकी को पैसे देता था। यह खुलासा पिंकी ईरानी ने आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की पूछताछ में किया है। ईओडब्ल्यू अधिकारियों की माने तो सुकेश पिंकी को कई करोड़ रुपये दे चुका है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार 200 करोड़ की ठगी मामले में ईओडब्ल्यू की जांच पूरी हो गई है। आर्थिक अपराध शाखा इस मामले में जल्द ही पूरक आरोपपत्र दाखिल करने जा रही है। इस मामले में चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है।
प्रभाव जमाने के लिए अधिकारियों से मिलता था
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिंकी से पूछताछ में ये बात सामने आई है कि चंद्रशेखर व पिंकी अन्य लोगों समेत एक गिरोह की तरह काम करते थे। ये लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए अभिनेत्रियों व बड़े लोगों से मिलता था। उसने कुछ अभिनेत्रियों को मिलाने के लिए तिहाड़ जेल भी बुलाया था। पुलिस ने ये रिकार्ड खंगाल लिया है कि तिहाड़ जेल में उससे कौन-कौन सी अभिनेत्रियां मिलने आई थीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी सुकेश पिंकी ईरानी को समय-समय पर पैसा देता रहता था।