नई दिल्ली। देश भर में बृहस्पतिवार को शव्वाल 1447 हिजरी का चांद नजर नहीं आया। जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने बृहस्पतिवार की शाम को इसका ऐलान किया। बुखारी ने बताया कि मुल्क के किसी भी हिस्से में चांद देखे जाने की तस्दीक नहीं हुई। ऐसे में शुक्रवार को 30 रोजे के बाद शनिवार को मुल्क भर में ईद मनाई जाएगी।
वहीं दूसरी ओर रुएत-ए-हिलाल कमेटी, इमारत-ए-शरिया की बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित बैठक हुई। इस दौरान देशभर के अलग-अलग हिस्सों में संपर्क किया गया। लगभग पूरे ही देश में कहीं पर भी चांद देखे जाने की पुष्टि नहीं हुई। रुएत-ए-हिलाल कमेटी के सचिव नजीबुल्लाह कासमी ने बताया कि चांद की तस्दीक न होने पर शनिवार को ही देशभर में ईद-उल-फितर मनाई जाएगी।