मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में मानसून घोषित कर दिया। रविवार को मौसम विभाग ने पूरे दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के बचे हुए क्षेत्र और हरियाणा के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंचने की आधिकारिक घोषणा की। मानसून की लाइन बाड़मेर, सीकर, सोनीपत, शिमला, धर्मशाला और पहलगांव में है।
दिल्ली में सुबह 8:30 बजे तक चौबीस घंटे में 20.4 मिमी और फिर शाम 5:30 बजे तक 4.2 मिमी बारिश हुई। मानसून सीजन में 1 जून से 2 जुलाई शाम 5:30 बजे तक दिल्ली में 232.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 190 फीसदी अधिक है।
सोमवार को भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बौछार पड़ सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश पिछले चार दिनों से हो रही थी, लेकिन मानसून की घोषणा के लिए हवा के रुख समेत कई पहलुओं को देखना होता है।
दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह कहीं-कहीं तेज, तो ज्यादातर जगह धीमी बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे ही रहा। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री नीचे 26.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि सोमवार से उत्तराखंड और यूपी में कुछ जगह भारी बारिश को छोड़ दें, तो अगले तीन-चार दिन उत्तर पश्चिम भारत में बारिश में कमी आएगी। हालांकि दिल्ली-एनसीआर में अभी 5 जुलाई तक कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
7-8 जुलाई को गरज वाले बादल विकसित होंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री तक पहुंचेगा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान सामान्य से डेढ़ से तीन डिग्री तक ऊपर रहा।
उत्तराखंड और पूर्वी यूपी के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और पूर्वी यूपी के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि सोमवार को उत्तराखंड और यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। वहीं, 4 जुलाई को पूरे यूपी में कहीं-कहीं और 5 जुलाई को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं 24 घंटे के दौरान 115-204 मिमी तक बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी इस दौरान 115 मिमी तक बारिश की भविष्यवाणी है। 6 जुलाई को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी।