मेरठ तिराहे के बाद जीडीए मोहननगर चौराहे को जाम फ्री करने की गंभीर कोशिशें कर रहा है। इसके अंतर्गत बृहस्पतिवार को सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई) ने मोहननगर चौराहे को जाम फ्री करने की कार्ययोजना का प्रेजेंटेशन दिया।
सीआरआरआई ने भी पूर्व में तैयार जीडीए के प्लान को कुछ संशोधनों के साथ मंजूर कर लिया है। नए साल से नए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक मोहननगर से वाहन गुजरेंगे।
बीते दिनों जीडीए ने मोहननगर चौराहे पर जाम से जूझते शहरवासियों को राहत देने के लिए यहां रोटरी बनाने का प्लान तैयार किया था। चौराहे को सिग्नल फ्री करते हुए इसका करीब तीन किलोमीटर हिस्सा वनवे करने की योजना थी।
इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन ट्रांसपोर्ट (आईयूटी) ने भी नए प्लान को मंजूरी दे दी थी। इस प्लान को सीआरआरआई की मंजूरी के लिए भेजा गया था। इसी संदर्भ में सीआरआरआई अधिकारियों ने यह प्रेजेंटेशन दिया।
जीडीए वीसी संतोष यादव ने बताया कि मोहननगर चौराहे के जाम को दूर करने के प्रयास जारी हैं। जल्द ही अंतिम रूप से निर्णय लेकर फाइनल प्लान लागू किया जाएगा।