दिल्ली में तीसरे फ्रंट की रैली के चलते मोदीनगर में मंगलवार को हाईवे पर करीब 10 घंटे का भंयकर जाम लगा। जाम के मद्देनजर हाईवे पर अतिरिक्त पुलिस तैनात थी, वह कुछ नहीं कर सकी।
लंबे जाम के चलते कई वीआईपी व एंबुलेंस जाम में फंस गईं। वहीं चार्टड बसों से ड्यूटी करने वाले लोग काफी देरी से काम पर पहुंचे।
दिल्ली में तीसरे फ्रंट की रेली में शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर, खतौली व मेरठ की ओर से खासकर सपा की बैनर व झंडे लगी सैंकड़ों बसें सुबह नो बजे से ही दिल्ली की ओर रुख करने लगी थीं।
जिसके चलते सुबह करीब 10 बजे ही दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगना शुरु हो गया था। दोपहर तक जाम ने भंयकर रूप ले लिया।
स्थिति यह हो गई कि सात किमी का रास्ता पार करने में वाहन चालकों को आमतौर पर मुश्किल से 15 मिनट का समय लगता है, लेकिन जाम के कारण तीन से चार घंटे लगे।
हाईवे पर वाहनों का अतिरक्त बोझ पड़ने के कारण गाजियाबाद की ओर गोविंदपुरी से राजचौराहे तक करीब पांच किलोमीटर और मेरठ की ओर बस स्टैंडे से राजचौराहे तक करीब दो किमी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।