दिल्ली में ई-रिक्शा ड्राइवर रविंद्र कुमार की हत्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुख जताया है। ई-रिक्शा ड्राइवर ने कुछ युवकों को खुले में पेशाब करने से रोका था। जिसके बाद युवकों ने उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पीएम ने मृतक के आश्रितों को एक लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
वहीं, सोमवार को केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने मृतक के परिवार से मुलाकात की। वेंकैया ने निजी तौर पर परिवार को 50 हजार का चेक अंतरिम राहत के रूप में दिया है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने भी मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये बतौर मुआवजा देने का ऐलान किया है।
PM Modi announces ex gratia of Rs.1 lakh to next of kin of E-rickshaw driver beaten to death for stopping 2 youths from urinating in public pic.twitter.com/s3dMDx8abu
— ANI (@ANI_news) May 29, 2017
उत्तरी दिल्ली में स्वच्छ भारत को बढ़ावा देने वाले आदर्श नागरिक की भूमिका निभाने वाले मृतक ई रिक्शा चालक रविंद्र कुमार के परिजनों से मिलने केंद्रीय मंत्री शहरी विकास मंत्री एम वैंकेया नायडू और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सोमवार को पहुंचे। मृतक ई-रिक्शा चालक रविंद्र कुमार के परिजनों से मुलकात करके सांत्वना देने के बाद नायडू ने मृतक के परिजनों को निजी तौर पर 50,000 रुपये का एक चेक अंतरिम राहत के रूप में दिया। वहीं एमसीडी आयुक्त पीके गुप्ता को निर्देश दिया कि मृतक के किसी परिजन को एमसीडी में नौकरी देने की कार्रवाई करें।
वेंकैया नायडू ने कहा कि दिल्ली में धीरे-धीरे स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ रही है पर यह बहुत दुखद घटना है कि सुशिक्षित माने जाने वाले छात्रों ने एक व्यक्ति की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी कि उसने उन्हें सड़क पर पेशाब करने से रोका था। जहां मृतक रविंद्र कुमार ने एक आदर्श नागरिक होने का परिचय दिया वहीं उसके हत्यारे युवकों ने दिल्ली के लोगों में बढ़ती असहनशीलता को दर्शाया। दिल्ली में बिल्कुल इसी तरह अक्सर हम रोड रेज की घटनाएं देखते हैं और यह सब लोगों में असहनशीलता की कमी का परिणाम है।