अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट (आईसीएआई) ने मई में होने वाली सीए फाइनल परीक्षा की तैयारी के लिए मॉक टेस्ट की तिथियां जारी कर दी हैं। मॉक टेस्ट पेपर सीरीज- की शुरूआत 16 मार्च और सीरीज-2 की शुरूआत एक अप्रैल से होगी। छात्र इनका लाभ फिजिकल व वर्चुअल मोड में उठा सकते हैं। अलग-अलग पेपर के लिए अलग-अलग तिथियों को जारी किया गया है।
सीए फाइनल परीक्षा में बैठने से पहले छात्र इन मॉक टेस्ट के माध्यम से अपनी तैयारी कर सकते हैं। मॉक टेस्ट से उन्हें अपनी कमियों को पता चल जाएगा और वह सुधार कर सकेंगे। मॉक टेस्ट के लिए छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। फिजिकल मोड में रुचि रखने वाले छात्र अपने क्षेत्र की संबंधित शाखाओं से संपर्क कर सकते हैं। हर विषय के मॉक टेस्ट पेपर दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होंगे।
इससे पहले 1.30 बजे तक प्रश्न पत्रों को पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा। स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वे तय समय सीमा में इन पेपरों को डाउनलोड करें और हल करें। इन पेपरों की आंसर-की (उत्तर कुंजी) संबंधित पेपर शुरू होने की तारीख और समय से 48 घंटे के भीतर शेड्यूल के अनुसार अपलोड की जाएगी। छात्र उत्तर कुंजी के अनुसार अपने उत्तरों की जांच कर सकते हैं और अपने प्रदर्शन का सेल्फ-असेसमेंट कर सकते हैं।