रानीबाग इलाके में एक फ्लैट में डीजे बंद करवाने पहुंची पुलिस टीम पर ही भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में एक सब इंस्पेक्टर (एसआई) घायल हो गया। हालात बिगड़ने पर नजदीकी थाने से अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को बुलाया गया ताकि हालात को जल्द काबू किया जा सके।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी दो भाईयों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन मौके से कई आरोपी भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित मारपीट का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
रानीबाग थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर गौरव कुमार सोमवार रात इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 12 बजे अग्रसेन भवन के नजदीक ही एक फ्लैट में डीजे की धुनों पर शोर शराबा की शिकायत मिली। सूचना मिलते ही एसआई गौरव, बीट कांस्टेबल विरेंद्र और कांस्टेबल मुकेश के साथ मौके पर जा पहुंचे। इस दौरान वहां डीजे की धुनों पर युवा डांस कर रहे थे। इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं।
पुलिस ने डीजे बंद करने को कहा, लेकिन डांस करने वालों ने उल्टा पुलिस कर्मियों पर ही हमला बोल दिया। पुलिस कर्मियों के साथ हुई मारपीट में एसआई जख्मी हो गए जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में अन्य पुलिस कर्मियों से भी मारपीट की गई।
इसी मारपीट के दौरान पुलिस कर्मियों ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान पीतमपुरा गांव निवासी सूरज तिवारी और गुड्डू तिवारी के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। मारपीट के इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।