लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर
- फोटो : अमर उजाला
लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने एक बार फिर अपनी सरकार की पुलिस को कटघरे में खड़ा किया है। शनिवार को आरडसीसी स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस पर आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गाय और बेटी सुरक्षित नहीं हैं। रोजाना हजारों की संख्या में गोवध हो रहे हैं। बेटियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस संज्ञान नहीं ले रही है। कुछ अधिकारी सपा और कांग्रेस के एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती है। मुख्य सचिव को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ताओं को झूठे केस में फंसा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने अतुल गर्ग को जिताया है। सभी अधिकारी गाजियाबाद में अपनी पोस्टिंग चाहते हैं क्योंकि यहां से सबसे ज्यादा राजस्व मिलता है। भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। अधिकारी केवल राजनीति करते हैं, कोई भी फील्ड में नहीं जाता।
ऐसे में लोगों की समस्या का समाधान कैसे होगा। ये सोचने की बात है। इसके साथ ही अधिकारियों पर भाजपा के विरोध में दलित विरोधी मानसिकता रखने का भी आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि अधिकारी बोलते हैं कि हमारे साथ चीफ सेक्रेटरी साहब हैं। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के रेल मंत्री रहते हुए एक हादसे का उदाहरण देते हुए कहा कि, चीफ सेक्रेटरी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। ऐसा करके वो देश ही नहीं पूरे विश्व में एक मिसाल बना सकते हैं।