खुद को पलवल विधायक करण सिंह दलाल का भतीजा कहने वाले युवक ने एलएलबी की छात्रा के साथ अश्लील हरकत की, विरोध करने पर पीड़िता को पीटा भी।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में केस तो दर्ज कर लिया गया लेकिन पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में हिचक रही है।
पलवल की रहने वाली 19 वर्षीय युवती सेक्टर 55 थाना क्षेत्र स्थित एक लॉ कॉलेज में तृतीय वर्ष की छात्रा है। पीड़िता के मुताबिक कॉलेज में ही पढ़ने वाला पुनीत नाम का लड़का खुद को पलवल विधायक करण सिंह दलाल का भतीजा बताते हुए विद्यार्थियों को धमकाता रहता है।
पुलिस में बताने पर कहा कि कर चुका है हत्या
पुनीत कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था। बुधवार को पुनीत ने कॉलेज परिसर में युवती को रोक कर उसके साथ अभद्रता की। पीड़िता ने विरोध किया तो पुनीत ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और कपड़े फाड़ डाले।
पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने को कहा तो आरोपी ने धमकी दी कि उसने जयपुर में एक हत्या कर रखा है और पुलिस उसे नहीं पकड़ सकी। किसी तरह साथी छात्राओं ने पीड़िता को छुड़वाया।
छात्रा का आरोप है कि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की तो पुनीत के पिता नरवीर सिंह ने उसके पिता को फोन कर उल्टी-सीधी बातें कहीं और धमकाया।
कॉलेज डायरेक्टर ने भी नहीं सुनी गुहार
कॉलेज के डायरेक्टर से पीड़िता ने शिकायत की लेकिन उन्होंने भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में कॉलेज डायरेक्टर को फोन किया गया तो उन्होंने पांच मिनट बाद कॉल बैक करने की कहकर फोन काट दिया।
इसके बाद उनका फोन नहीं उठा। विधायक के भतीजे का मामला होने की वजह से पुलिस भी कार्रवाई करने में हिचक रही है। केस दर्ज कराए चौबीस घंटे से अधिक बीत चुके हैं लेकिन आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
एसीपी (महिला अपराध) ममता खरब ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी को एक-दो दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा।