जारचा रोड पर सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के नजदीक बने नाले में पांच दिन से गायब दो युवकों के शव और एक बाइक मिली है। उनके साथ गया एक अन्य युवक गंभीर घायल हालात में मिला है। उसका बुलंदशहर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। जान गंवाने वाले युवकों में एक गुरुग्राम की कंपनी में इंजीनियर था, जबकि दूसरा फौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, बुलंदशहर में कोतवाली क्षेत्र के नया गांव निवासी विशाल पुत्र मुकेश अपने साथी अरुण पुत्र सूरजभान व शिवम उर्फ शिवा पुत्र ज्वाला सिंह के साथ 21 अप्रैल को बाइक से दादरी क्षेत्र के गांव शाहपुर खुर्द में विजय सिंह के यहां शादी समारोह में गया था। तीनों दोस्त देर रात वहां से एक ही बाइक पर नया गांव के लिए निकले। घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो शिवम शाहपुर खुर्द के निकट गंभीर रूप से घायल मिला।
उसके चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। परिजनों ने उसे बुलंदशहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार को दादरी में जारचा रोड पर बने एक नाले में विशाल और अरुण के शव मिले। नाले में उनकी बाइक भी मिली। परिजनों ने बताया कि विशाल सिविल इंजीनियर था और गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता था। अरुण फौज में भर्ती होने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ था।
दादरी थाने के प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक का कहना है कि तीनों युवक शराब के नशे में थे। बाइक संतुलन खोकर नाले में गिरी। शिवम उनसे कुछ दूर गिरा। बाहर निकलकर वह घटना की सूचना देने के लिए शाहपुर गया और वहां बेहोश हो गया। अरुण व विशाल के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने कोतवाली दादरी में 23 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
शिवम को हो सकती है पूरी जानकारी
विशाल व अरुण के साथ शिवम शादी में अन्य दोस्त भी गए थे। 22 अप्रैल को शिवम गंभीर घायल हालत में दादरी क्षेत्र में मिला था। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। शिवम का कहना है कि विशाल और अरुण उसे शादी समारोह में ही छोड़कर निकल गए थे। शिवम को खुद कैसे चोट लगी, इसका वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है। इससे माना जा रहा है कि शिवम को पूरे मामले की जानकारी हो सकती है।