यमुना एक्सप्रेसवे पर तीन रूसी युवतियों (रूस की निवासी) से अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के वक्त विदेशी युवतियां गाइड के साथ कार से बुद्ध सर्किट में कार रेसिंग देखने जा रहीं थीं।
पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, युवतियों के लिखित शिकायत न देने के कारण एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
तीन रूसी युवतियां अपने गाइड के साथ रविवार दोपहर कार से इंटरनेशनल बुद्ध सर्किट में रेसिंग देखने जा रही थीं। कार स्पोर्ट्स सिटी के निकट एक अन्य कार में सवार तीन युवक उनकी गाड़ी के पास से गुजरने लगे। दोनों पक्षों में ओवरटेक व आगे निकलने को लेकर विवाद हुआ।
वे एक दूसरे पर गलत ढंग से कार ड्राइव करने का आरोप लगा हंगामा करने लगे। इस बीच रूसी युवतियों के गाइड ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके से तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी फरमूद अली पुंडीर का कहना है कि लिखित शिकायत नहीं मिलने पर युवकों पर शांति भंग करने की कार्रवाई की जाएगी।