लुक्सर जेल में वर्ष 2015 में बंदी रहे एक योग गुरु ने बताया कि गौतमबुद्धनगर की लुक्सर जेल में कम उम्र के (युवा) बंदियों के साथ दबंग बंदी कुकर्म भी करते हैं। यह आरोप जेवर के नीमका निवासी एक योग गुरु ने अपनी जुबानी वीडियो वायरल कर दी है। वीडियो में उसने जेल में खुलेआम नशे की चीजें बिकने और नशा होने समेत कई आरोप लगाए हैं।
वीडियो में नीमका निवासी लक्ष्मी नारायण भगत ने बताया कि एक जमीन खरीद में गवाह होने पर दूसरे पक्ष ने उसपर आरोप लगाए थे। वीडियो में उसका दावा है कि गलती न होने पर भी उसको वर्ष 2015 में जेल जाना पड़ा था। इस दौरान वह जेल में बिताए 46 दिनों की आपबीती बता रहा है। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि जेल में आराम से थोड़ा अधिक पैसा खर्च करने पर नशा करने के सामान मिल जाती हैं। इनमें बीड़ी, सिगरेट, गांजा, अफीम, स्मैक आदि भी मिलते हैं और साथ ही युवा से लेकर सभी उम्र के बंदी नशा करते हैं।
वहीं, उन्होंने बताया कि जेल में आते ही उन्हें ताकीद कर दी गई थी कि यदि यहां जो भी चल रहा है उसके बारे में किसी जेल विजिटर या दौरा करने आए बड़े अधिकारी से मुंह खोला तो उसे तो एक लाख रुपये घूस देकर वह बच जाएंगे लेकिन बोलने वाली की खैर नहीं।
उसने बताया कि उस दौरान बच्चा बैरक (युवा बंदी) करीब 70 के लगभग थे। उसने वीडियो में संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि बहुत से कम उम्र के बंदियों के साथ कई बंदी कुकर्म जैसी संगीन वारदात भी जेल के अंदर ही कर देते हैं। उसने बताया कि जेल में उसने जेल अधीक्षक से बात कर अधिकतर बंदियों को योग भी सिखाया। जेल प्रशासन का कहना है कि जेल से बाहर जाकर बंदी ने जो आरोप लगाए हैं, वे निराधार हैं।