निर्भया कांड के जैसी एक और शर्मनाक हरकत से दिल्ली दहल गई है। गत मंगलवार को पीरागढ़ी इलाके में एक बारह वर्षीय लड़की के साथ दो लड़कों के द्वारा सामूहिक दुष्कर्म और उसके बाद उसकी हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया था। इस समय लड़की की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका एम्स में इलाज चल रहा है।
लड़की के परिजनों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की इस बेटी के साथ बेहद अमानवीय हरकतें की गई हैं। उसके शरीर के अंदरूनी हिस्से तक तक काफी गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसकी स्थिति बहुत ज्यादा संवेदनशील हो गई है, लेकिन डॉक्टर उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। लड़की के स्वास्थ्य की दृष्टि से अगले 48 घंटे बहुत महत्त्वपूर्ण हो सकते हैं।
दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने पुलिस को नोटिस जारी कर इस घटना पर आठ अगस्त तक रिपोर्ट मांगी है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने भी इस घटना पर अफसोस जताया है। उन्होंने कहा है कि वे दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के समक्ष इस घटना पर विरोध दर्ज कराएंगे और पीड़िता को पूरा न्याय दिलाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं और यहां महिलाओं की इज्जत सुरक्षित नहीं रह गई है।
क्या हुआ था
जानकारी के मुताबिक पश्चिम विहार के पीरागढ़ी इलाके में घटी इस घटना में 12 साल की लड़की मंगलवार के दिन अपने घर में अकेली थी। उसके माता-पिता और उसकी बड़ी बहन रोज की तरह अपने-अपने काम पर गए हुए थे। संभवत: आरोपी लड़कों को इस बात की जानकारी थी कि लड़की अपने घर में पूरे दिन अकेले रहती है। इसी का फायदा उठाकर दोनों शाम चार बजे के आसपास उसके घर पहुंच गए और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद उन्होंने लड़की के सिर पर कैंची से कम से कम पांच बार गंभीर रूप से हमला किया। लड़की को मरा जानकर लड़के वहां से फरार हो गए।
लेकिन इस हैवानियत के बाद भी लड़की बच गई थी। बड़ी मुश्किलों से वह किसी तरह अपने घर के दरवाजे तक आई और उसके पड़ोसियों को इस बात का पता चला। इसके बाद उसके पड़ोसियों ने लड़की को संजय गांधी अस्पताल में पहुंचाया। जहां प्राथमिक चिकित्सा कर लड़की की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स स्थानांतरित कर दिया गया। बताया गया है कि लड़की की स्थिति अब भी काफी गंभीर है।