राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में सोमवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने घर की चौथी मंजिल पर घुसकर मां-बेटी को गोली मार दी। हमले में मां की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटी को कंधे में गोली लगने के बाद उसे स्वामी दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मां-बेटी पर हमले की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। शुरूआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि प्रेम प्रसंग या आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।
मानसरोवर पार्क थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान कर उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक मृतका की शिनाख्त शमा खान (46) के रूप में हुई है। शमा खान अपनी तीन बेटियों के साथ जी-ब्लॉक, मानसरोवर पार्क इलाके में किराए के मकान में चौथी मंजिल पर रहती थी।
इसके परिवार में बड़ी बेटी महक (23) के अलावा दो छोटी बेटियां और हैं। पिछले काफी समय से शमा अपनी पति से अलग रहती थीं। सोमवार रात को वह तीनों बेटियों के साथ घर पर मौजूद थी। रात करीब 9.30 बजे घर पर इंटरनेट लगाने वाला एक युवक आया हुआ था।